रायपुर एयरपोर्ट पर सचिन यादव का सर्व यादव समाज ने किया भव्य स्वागत

Spread the love

रायपुर एयरपोर्ट पर सचिन यादव का सर्व यादव समाज ने किया भव्य स्वागत 

समाज के युवाओं को संगठन में आगे लाने और सामाजिक एकजुटता मजबूत करने पर दिया जोर

रायपुर। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों एवं सामाजिक बंधुओं ने बुधवार को स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान कसरावद विधायक सचिन यादव का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। ओडिशा प्रवास से लौटने पर समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर तथा राधे-राधे अंकित गमछा भेंटकर अभिनंदन किया।

सचिन यादव, किसानों, गरीबों, मजदूरों, दलितों एवं पिछड़े वर्गों के हितों के लिए समर्पित रहे स्वर्गीय सुभाष यादव के पुत्र हैं। सुभाष यादव ने अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में सहकारिता और किसान हितों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके परिवार का सामाजिक गतिविधियों से जुड़ाव आज भी निरंतर बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व तत्कालीन केंद्रीय कृषि मंत्री अरुण यादव छत्तीसगढ़ में यादव समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहीं, रतनपुर में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में सचिन यादव ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। उस दौरान उन्होंने समाज में युवाओं की भागीदारी और उनकी सक्रिय भूमिका को लेकर अपने विचार रखे थे।

वर्तमान में कसरावद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे सचिन यादव संगठनात्मक गतिविधियों के सिलसिले में ओडिशा प्रवास पर गए थे। उनके रायपुर पहुंचने पर सर्व यादव समाज के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत कर सामाजिक एकता एवं संगठन की मजबूती के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर बालोद से पहुंचे अभिनव यादव ने स्वर्गीय सुभाष यादव की स्वयं द्वारा तैयार की गई पेंटिंग भेंट की। इस कलाकृति को देखकर सामाजिक बंधुओं ने उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

स्वागत समारोह में सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, पूर्व महासचिव मनोज यादव, आकाश यादव, राकेश यादव, शिव यादव, संजीत यादव, अभिषेक यादव, श्रीमती ललिता यादव, ईश्वरी यादव, तीजन यादव, कुमारी पूजा यादव, उमेश्वरी यादव, लोकेश्वरी यादव, जिला अध्यक्ष गजानंद यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

संगठन की मजबूती और युवाओं की भागीदारी पर दिया जोर

स्वागत से अभिभूत सचिन यादव ने सर्व यादव समाज के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब भी समाज के मुखिया रमेश यदु का आदेश होगा, वे छत्तीसगढ़ आने के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में यादव समाज की संगठनात्मक शक्ति एवं एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ युवाओं को आगे लाने तथा सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम ने सामाजिक एकजुटता, आपसी सौहार्द और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प को और प्रबल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *