रायपुर में बदहाल सफाई व्यवस्था पर युवा जनता कांग्रेस का हल्लाबोल, नगर निगम को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

रायपुर में बदहाल सफाई व्यवस्था पर युवा जनता कांग्रेस का हल्लाबोल, नगर निगम को सौंपा ज्ञापन

शहर में गंदगी और अव्यवस्थित सफाई पर जताई नाराजगी, नियमित सफाई सुनिश्चित करने की उठाई मांग

रायपुर। राजधानी रायपुर में बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर युवा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। युवा जनता कांग्रेस के प्रदेश संयोजक  नवीन अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान युवा जनता कांग्रेस ने शहर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, गंदगी की समस्या का शीघ्र निराकरण करने तथा नागरिकों को इससे होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि स्वच्छता शहर की मूलभूत जरूरत है और इसकी अनदेखी से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम को सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

इस कार्यक्रम में जनता कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष माखन ताम्रकार, युवा कार्यकारी अध्यक्ष शमसूल आलम तथा युवा ग्रामीण अध्यक्ष चेतन आडिल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करते हुए नगर निगम से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

युवा जनता कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। संगठन ने उम्मीद जताई कि नगर निगम प्रशासन ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा।

युवा जनता कांग्रेस ने दोहराया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए उसका संघर्ष जारी रहेगा।

जनता की समस्या, हमारी लड़ाई!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *