हवा में डर का मंजर: तकनीकी खराबी के चलते इंडिगो का विमान 186 यात्रियों के साथ कोच्चि एयरपोर्ट पर लौटा

Spread the love

नई दिल्ली
इंडिगो के एक विमान में शुक्रवार देर रात तकनीकी खराबी देखने को मिली। फ्लाइट कोच्चि से अबू धाबी के लिए रवाना हुई थी, लेकिन दिक्कत के बाद इसे वापस कोच्चि की ओर मोड़ दिया गया। इसके बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से अबू धाबी के लिए रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में 180 से ज्यादा यात्री सवार थे। इसके अलावा 6 क्रू मेंबर भी फ्लाइट में मौजूद थे। प्लेन करीब दो घंटे तक हवा में थे। सूत्रों ने बताया कि फ्लाइट संख्या 6E-1403 शुक्रवार की रात करीब 11.10 बजे कोच्चि से रवाना हुई।

दो घंटे तक हवा में रही फ्लाइट
दो घंटे से ज्यादा समय तक फ्लाइट हवा में थी। तभी क्रू मेंबर्स को इसमें तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद शनिवार की रात 1.44 बजे फ्लाइट को कोच्चि की ओर मोड़ दिया गया। ड्यूटी के घंटे पूरे होने के कारण फ्लाइट के क्रू मेंबर्स को भी बदला गया और नए दल के साथ दूसरी फ्लाइट को रवाना किया गया।

इंडिगो ने एक बयान में कहा, '6 सितंबर 2025 को कोच्चि से अबू धाबी के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 1403 में तकनीकी खराबी का पता चला। एहतियाती कदम उठाते हुए, पायलटों ने विमान को वापस मोड़ने का फैसला किया और विमान कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतार लिया गया।'

एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया गया और उन्हें दूसरी फ्लाइट से रात 3.30 बजे अबू धाबी रवाना किया गया। फ्लाइट का ऑपरेशन फिर से शुरू करने से पहले उसे मेंटेनेंस के लिए भेज दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *