*80वें स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के जयकारों से गूंजा देवभोग* *शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को किया गया नमन, स्कूली बच्चों ने निकाली भव्य प्रभात फेरी*

Spread the love

 

रिपोर्ट – नागेश्वर मोरे, गरियाबंद

 

देवभोग। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देवभोग नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा पूरे सम्मान और शान के साथ फहराया गया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देवभोग के गांधी चौक स्थित शहीद स्मारक एवं स्व.पंडित श्याम शंकर मिश्र स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नगरवासियों ने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं नगरवासी शामिल हुए। विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ नगर में भव्य प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी देवभोग नगर के विभिन्न मोहल्लों से होकर गांधी चौक पहुंची, जहां सभी विद्यार्थी एवं नागरिक एकत्रित हुए।

गांधी चौक स्थित शहीद स्मारक परिसर में सामूहिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। जैसे ही तिरंगा आसमान में लहराया, पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। बच्चों और युवाओं में देशभक्ति का जोश देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं देश की सीमाओं पर शहीद हुए जवानों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग और संघर्ष से मिली है। इसलिए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

देवभोग क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने तथा राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया।

स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने देवभोग नगर में देशभक्ति, एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत किया। शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित कर लोगों ने उनके बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *