*शिक्षकों के प्रमोशन पर बड़ा अपडेट: नई पात्रता के आधार पर होगी पदोन्नति, TET अनिवार्य*

Spread the love

रिपोर्ट – नागेश्वर मोरे गरियाबंद

 

रायपुर-  छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षकों की बहुप्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर सोमवार को DPI की महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई। बैठक में सभी जिलों के DEO और संभागीय संयुक्त संचालक शामिल हुए। विभाग ने स्पष्ट किया कि पदोन्नति की प्रक्रिया शिक्षा नीति/सेवा भर्ती नियम 2026 में निर्धारित पात्रता के आधार पर आगे बढ़ेगी।

*जिलों को जारी करने होंगे निर्देश*

कई जिलों के DEO ने प्रमोशन की पात्रता को लेकर DPI से केंद्रीय निर्देश जारी करने की मांग की, लेकिन संचालनालय ने स्पष्ट किया कि पदोन्नति संबंधी निर्देश जिला स्तर से ही जारी होंगे। जिलों को 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में वरिष्ठता सूची जारी कर तत्काल दावा-आपत्ति मंगाने के निर्देश दिए गए हैं।

*प्रधान पाठक के लिए TET जरूरी*

प्राथमिक शाला प्रधान पाठक पद के लिए शिक्षक के पास हायर सेकेंडरी, D.El.Ed और प्राथमिक स्तर की TET उत्तीर्ण होना जरूरी बताया गया है। केवल मिडिल स्तर की TET होने पर प्राथमिक प्रधान पाठक पद के लिए पात्रता नहीं मिलेगी।

*मिडिल स्कूल शिक्षक के लिए भी TET अनिवार्य*

मिडिल स्कूल शिक्षक पदोन्नति के लिए स्नातक, B.Ed/D.El.Ed और मिडिल स्तर की TET आवश्यक होगी। साथ ही पदोन्नति संबंधित विषय के रिक्त पद के आधार पर होगी। जिस विषय में पद रिक्त नहीं होगा, वहां पात्र शिक्षक को पदोन्नति में परेशानी हो सकती है।

*75 हजार से अधिक शिक्षकों पर असर*

नई पात्रता शर्तों का असर प्रदेश के 75 हजार से अधिक पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों पर पड़ सकता है। लंबे समय से सेवा कर रहे ऐसे शिक्षक, जिन्होंने निर्धारित TET या अन्य योग्यता पूरी नहीं की है, उनके सामने प्रमोशन की चुनौती खड़ी हो सकती है।

*अब आगे क्या होगा?*

जिलों में वरिष्ठता सूची, दावा-आपत्ति और रिक्त पदों की जानकारी तैयार की जाएगी। इसके बाद पात्र शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच के लिए पदोन्नति कमेटी गठित होगी और नियमों के अनुसार पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

बैठक में स्वामी विवेकानंद स्कूलों में प्रतिनियुक्ति, PM Shri स्कूलों सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। अब शिक्षकों की नजर जिलों द्वारा जारी होने वाले आगामी निर्देशों पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *