महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक बहनों को हर माह मिल रहा ₹1000 : मुख्यमंत्री साय
रक्षा बंधन के अवसर पर सितंबर की 31वीं किस्त के रूप में करीब ₹631 करोड़ की राशि जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक बहनों के खातों में हर महीने ₹1000 की राशि भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बंधन के अवसर को देखते हुए सितंबर माह की 31वीं किस्त के रूप में लगभग ₹631 करोड़ की राशि बहनों के खातों में भेजने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
13.85 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं को संपत्ति में भागीदारी बढ़ाने के लिए भूमि की रजिस्ट्री शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है और प्रदेश में लगभग 51 प्रतिशत प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर हो रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले करीब ढाई वर्षों में 30 हजार बहनों के नाम पर संपत्ति का पंजीयन हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ परिवार और समाज में उनकी भागीदारी भी बढ़ रही है।









Leave a Reply