रिपोर्ट – नागेश्वर मोरे गरियाबंद
देवभोग। भारतीय जनता पार्टी के पितृपुरुष, करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, भारत रत्न एवं छत्तीसगढ़ के निर्माता परम श्रद्धेय पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर आज देवभोग स्थित भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल जी के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों एवं विचारों को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के राष्ट्रहित, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संगठन के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने ओजस्वी विचारों और राष्ट्रसेवा के माध्यम से भारतीय राजनीति में एक ऐसी अमिट छाप छोड़ी, जिसे सदैव याद किया जाएगा।
इस अवसर पर “रोशनी आएगी, अंधेरा छटेगा” जैसे अटल जी के प्रेरणादायी विचारों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्र और संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
पुण्यतिथि कार्यक्रम के साथ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा लगाया और उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस दौरान कहा गया कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और पौधरोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री जगमोहन पटेल, वरिष्ठ कार्यकर्ता कुंजबिहारी बेहेरा, सुधीर भाई पटेल, अनिल बेहेरा, प्रमोद यादव, जितेंद्र मांझी, संजय साहू, लैवानो सोना, रुपदास मरकाम, अनिता उपाध्याय, जयंती सिन्हा, ऋतु निषाद, भजन ठाकुर, तोषण यादव सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने अटल जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने, संगठन को मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।








Leave a Reply