*देवभोग में कल निकलेगी भव्य बाहुड़ा यात्रा* *भगवान जगन्नाथ, बलराम और माता सुभद्रा के होंगे एक साथ दर्शन; विशाल भंडारे की तैयारी*

Spread the love

 

*रिपोर्ट – नागेश्वर मोरे, गरियाबंद*

देवभोग- भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा के बाद अब देवभोग में कल भव्य बाहुड़ा यात्रा निकाली जाएगी। बाहुड़ा यात्रा को लेकर देवभोग में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलराम और माता सुभद्रा की वापसी यात्रा के दौरान एक साथ दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यात्रा को लेकर भक्तों में खासा उत्साह और उमंग का माहौल है।

बाहुड़ा यात्रा के अवसर पर जगन्नाथ कमेटी द्वारा भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। कल दोपहर भगवान जगन्नाथ जी के मौसी मां के यहां भव्य भंडारा आयोजित किया जाएगा। इस भंडारे में देवभोग सहित पूरे क्षेत्र से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने और महाप्रभु का प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।

*सात दिनों तक मौसी मां के घर लगा भंडारा, हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद*

भगवान जगन्नाथ, बलराम और माता सुभद्रा के मौसी मां के घर विराजमान रहने के इन सात दिनों के दौरान भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतिदिन श्रद्धालुओं द्वारा मौसी मां के घर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए और श्रद्धा के साथ महाप्रभु का प्रसाद ग्रहण किया।

इन सात दिनों में देवभोग का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। सुबह से लेकर शाम तक भगवान जगन्नाथ के दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। अब बाहुड़ा यात्रा के साथ भगवान जगन्नाथ स्वामी अपने घर वापस लौटेंगे।

*राजापारा के कलाकारों ने तैयार की आकर्षक झांकी, सोशल मीडिया पर हो रही वायरल*

बाहुड़ा यात्रा को खास बनाने के लिए राजापारा के कलाकार राजेंद्र सोनी, खगेश सोनी, सुभाष सोनी साथ ही इनकी शिव भक्ति समिति राजपारा टीम द्वारा भगवान जगन्नाथ, बलराम और माता सुभद्रा की आकर्षक झांकी तैयार की गई है। झांकी को बेहद सुंदर और आकर्षक रूप दिया गया है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।

आकर्षक झांकी को लेकर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बाहुड़ा यात्रा के दौरान यह झांकी भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहने वाली है।

*देवभोग के जगन्नाथ मंदिर का पुरी धाम से विशेष लगाव*

देवभोग का ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर भगवान जगन्नाथ पुरी धाम से विशेष धार्मिक और आस्था का संबंध रखता है। स्थानीय लोगों के अनुसार देवभोग और जगन्नाथ पुरी धाम के बीच वर्षों पुराना जुड़ाव है। आज भी यहां से भगवान जगन्नाथ पुरी धाम के लिए अन्न भेजे जाने की परंपरा बताई जाती है।

इसी विशेष धार्मिक जुड़ाव के कारण देवभोग की रथयात्रा और बाहुड़ा यात्रा का अपना अलग महत्व है। भगवान जगन्नाथ के प्रति क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था है और हर वर्ष रथयात्रा के अवसर पर दूर-दूर से श्रद्धालु देवभोग पहुंचते हैं।

*दूर-दूर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना*

कल होने वाली बाहुड़ा यात्रा को लेकर देवभोग में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। भगवान जगन्नाथ, बलराम और माता सुभद्रा के एक साथ दर्शन करने के लिए देवभोग के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

बाहुड़ा यात्रा, भव्य झांकी और विशाल भंडारे को लेकर जगन्नाथ कमेटी द्वारा तैयारियां पूरी की जा रही हैं। कल देवभोग में भगवान जगन्नाथ की जय-जयकार के बीच भव्य बाहुड़ा यात्रा निकलेगी और हजारों श्रद्धालु महाप्रभु के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *