जहां कभी एम्बुलेंस पहुंचना सपना था, वहां अब डॉक्टर दे रहे दस्तक
बस्तर के जंगलों तक पहुंची स्वास्थ्य क्रांति, अमित शाह से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अहम चर्चा
रायपुर ,नई दिल्ली – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान आज केंद्रीय गृहमंत्री से मुलाकात कर बस्तर में तेजी से हो रहे सकारात्मक बदलाव, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय गृहमंत्री को “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” एवं “बस्तर मुन्ने अभियान” के माध्यम से दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाओं और जनसुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन इलाकों में कभी एम्बुलेंस पहुंचना भी मुश्किल माना जाता था, वहां अब डॉक्टर, दवाइयां और स्वास्थ्य टीमें नियमित रूप से पहुंच रही हैं। दूरस्थ गांवों में पैदल जाकर लोगों की जांच की जा रही है और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत केवल एक महीने में 21.86 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है तथा उनके डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किए गए हैं। हजारों मरीजों को समय पर उपचार और उच्च अस्पतालों में रेफर भी किया गया है।
बैठक में बस्तर में पुराने सुरक्षा शिविरों को “जन सुविधा केंद्र” के रूप में विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। इन केंद्रों में ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का जीवन आसान हुआ है और शासन के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 13 अप्रैल 2026 से सुकमा से शुरू हुए “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” के तहत 36 लाख लोगों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं “बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर) अभियान” के जरिए 31 महत्वपूर्ण योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जगदलपुर में नया सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू होने से अब बस्तरवासियों को गंभीर इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर जाने की आवश्यकता कम होगी। साथ ही डायल-112 की नेक्स्ट जेन सेवा और पुराने सुरक्षा शिविरों को जन सुविधा केंद्र में बदलने की योजना बस्तर के स्थायी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय गृहमंत्री को बस्तर के लिए तैयार विकास रोडमैप की जानकारी भी दी, जिसमें सड़क, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार बस्तर को शांति, विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता के नए युग की ओर तेजी से अग्रसर कर रही है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर में हो रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 18 एवं 19 मई को बस्तर प्रवास संभावित माना जा रहा है।














Leave a Reply