मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी में किए महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की

Spread the love

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर महाप्रभु श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा और बलराम जी के दर्शन लाभ लिए। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण के लिए मंगलकामना की।
51 हजार तुलसी दल अर्पित कर किया विशेष पूजन
मुख्यमंत्री श्री साय ने मंदिर परिसर में आयोजित एक विशेष धार्मिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने श्री जगन्नाथ सेवा समिति कुनकुरी द्वारा आयोजित ‘तुलसी अर्चन कार्यक्रम’ में भाग लिया और भगवान श्री जगन्नाथ को 51 हजार तुलसी दल अर्पित कर विशेष पूजन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की निरंतर प्रगति, सामाजिक समरसता और जनहित के कार्यों में सफलता के लिए प्रभु का आशीर्वाद मांगा।
सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं ऐसे आयोजन: मुख्यमंत्री
दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री श्री साय ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की और उनका कुशलक्षेम पूछा। इस दौरान उन्होंने श्री जगन्नाथ सेवा समिति कुनकुरी के सदस्यों के प्रयासों की जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को ऐसी धार्मिक परंपराएं ही सशक्त बनाती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकता, श्रद्धा और भक्ति के सूत्र में पिरोने का काम करते हैं। उन्होंने समिति को इस पावन आयोजन के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *