*ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत खेत जोतकर घर लौटते समय हुआ हादसा गांव में पसरा मातम*

Spread the love

*ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत खेत जोतकर घर लौटते समय हुआ हादसा गांव में पसरा मातम*

 

 

रिपोर्ट – नागेश्वर मोरे गरियाबंद

 

 

छुरा। क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि युवक ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने गया था। वहां से लौटते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दबकर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार छुरा क्षेत्र के ग्राम पीपरछेड़ी निवासी रूपेश ध्रुव (40 वर्ष) की ट्रैक्टर में दबकर मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि रूपेश गांव के ही टिकेंद्र ध्रुव के ट्रैक्टर सीजी 23 एम 3856 का चालक था। अभी क्षेत्र में खेती-किसान का काम चल रहा है। रूपेश ट्रैक्टर से खेतों की जुताई करता था। मंगलवार को वह कमारपारा स्थित गढ़गढ़ी खार में खेत की जुताई करने गया था। काम खत्म करने के बाद शाम को रूपेश अपने घर लौट रहा था।
वह जतमई मुख्य मार्ग के पास नागिन तालाब के पास पहुंचा था, तभी ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। आसपास कोई मौजूद न होने से उसे कोई मदद नहीं मिल सकी। राहगीरों ने ट्रैक्टर को पलटा देखा तो इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसी बीच मृतक का भाई भी खेत में काम कर घर लौट रहा था। उसने अपने छोटे भाई को ट्रैक्टर के नीचे दबा देख ग्रामीणों की मदद से उसे किसी तरह बाहर निकाला। तब तक रूपेश की मौत हो चुकी थी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने बताया कि रूपेश परिवार का सबसे मेहनती और जिम्मेदार सदस्य था। वह खेतीबाड़ी और ट्रैक्टर चलाकर अपना गुजारा करता था। उसकी मौत से परिवार सदमे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *